रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय निकायों को एल्डरमैन निधि की प्रथम किस्त के रूप में कुल 9 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये आज जारी किए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष की स्वीकृत एल्डरमैन निधि का 50 प्रतिशत हिस्सा जारी किया गया है। इस निधि का उपयोग मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) की अनुशंसा पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए किया जाता है।

नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद यह राशि संबंधित नगरीय निकायों को जारी की गई है। उन्होंने निकायों को निधि का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करते हुए शहरी आबादी तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित