रायपुर , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और रायगढ़ जिलों के सरकारी विद्यालयों में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। गरियाबंद जिले में गणित का सवाल हल नहीं कर पाने पर आठ वर्षीय छात्रा की शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है, जबकि रायगढ़ जिले के एक सरकारी विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आज प्रसारित हो रहा है। दोनों मामलों में शिक्षा विभाग ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत ग्राम भेंडरी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सात अक्टूबर को तीसरी कक्षा की आठ वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने गणित का प्रश्न हल नहीं कर पाने पर छात्रा के गाल और कान के पास कई थप्पड़ मारे, जिससे उसके चेहरे पर चोट के निशान पड़ गए।
पीड़ित छात्रा के परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से बच्ची भयभीत है और ठीक से खाना-पीना नहीं कर रही है। रात में उसे नींद नहीं आने की भी शिकायत है। परिजनों ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आरोपित शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने छात्रा को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि बार-बार सवाल समझाने के बावजूद छात्रा उसे नहीं समझ पा रही थी, जिसके कारण उन्होंने गुस्से में एक-दो थप्पड़ मार दिए। शिक्षक ने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी है।
उल्लेखनीय है कि भागचंद चतुर्वेदी को पांच सितंबर 2022 को तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके के हाथों राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया था।
इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने भी आपत्ति जताई है। ग्रामीण श्यामगिरि गोस्वामी ने आज ये आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक पहले भी विद्यालय के बच्चों की पिटाई कर चुके हैं और यह पहली घटना नहीं है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पूर्व सरपंच थानेश साहू ने छात्रा के साथ मारपीट की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
गरियाबंद के जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में तीन प्राचार्यों को शामिल किया गया है। जांच दल को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम अलोला स्थित आ.जा. कल्याण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों से साफ-सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। सात अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे विद्यालय पहुंचे प्राथमिक कक्षाओं के बच्चे कक्षाओं और विद्यालय परिसर में झाड़ू लगाते दिखाई दिए।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने बच्चों के सफाई करने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों से सफाई कराए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुखरुराम सिदार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। संबंधित विद्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित