रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 341 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। इन मामलों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, दो कार, एक आयशर वाहन और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

प्रारंभिक जांच में ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक गांजे की तस्करी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस से शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया था। ट्रक में प्लास्टिक दाने की बोरियां लदी थीं। हादसे के बाद चालक सुनील कुमार (32) ने क्रेन की सहायता से ट्रक को उठवाया और मजदूरों से सड़क पर बिखरी बोरियां एकत्र करवा रहा था। इसी दौरान उसने कुछ बोरियों को अन्य सामान से अलग रखकर प्लास्टिक के तिरपाल से ढंक दिया।

बोरियों को संदिग्ध तरीके से छिपाए जाने पर स्थानीय लोगों ने चंदौरा पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय ट्रक चालक और अन्य लोग वहां मौजूद नहीं थे। आसपास की तलाशी लेने पर पुलिस को नौ बोरियों में छिपाकर रखा गया 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने जांच के दौरान फरार ट्रक चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक उसके अलीगढ़ निवासी साथी के नाम पर पंजीकृत है और दोनों मिलकर वाहन चलाते हैं। वे ओडिशा से प्लास्टिक दाने की आड़ में गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रायगढ़ और सरगुजा होते हुए सूरजपुर पहुंचे थे। घाट पेंडारी में ट्रक पलटने के बाद गांजे की बोरियों को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढंक दिया गया था। दुर्घटना के कारण तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

दूसरी कार्रवाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस की वाहन जांच के दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

इसी बीच पीछे से आ रही कार चालक पुलिस के स्टॉपर को टक्कर मारकर भागने लगा। पुलिस ने तत्काल जांजगीर पुलिस से संपर्क कर घेराबंदी कराई। इसके बाद गिरवानी पेट्रोल पंप के पास कार को रोक लिया गया। कार के पिछले हिस्से पर 'एडवोकेट हाईकोर्ट' लिखा हुआ था।

पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 63.350 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सागर सिंह और मेहताब अहमद को गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।

पुलिस ने गांजे के साथ दोनों कार और सात मोबाइल फोन सहित कुल 44.55 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। फरार आरोपी की तलाश और तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी है।

तीसरी कार्रवाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बेलादुला चौकी क्षेत्र में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने की। गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर टीम ने तेंदूदरहा के पास घेराबंदी कर एक वाहन को रोका। वाहन की जांच के दौरान उसमें रखी लोहे की अलमारी की तलाशी ली गई। अलमारी के भीतर भूरे रंग के टेप से लिपटे 35 पैकेट मिले, जिनमें कुल 39.76 किलो गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में वाहन में सवार आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी अनुज कुमार गौतम (31) और टिंकू वर्मा (25) को गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित