दुर्ग , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बकरी पालन को लेकर हुए विवाद में 52 साल की महिला कुमारी बाई साहू की मौत हो गई। उतई पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार उतई थाना क्षेत्र के चुनकट्टा गांव में गुरुवार देर शाम हुए विवाद के दौरान अर्जुन साहू ने कथित तौर पर महिला पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में देर रात करीब ढाई बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी अर्जुन साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, चुनकट्टा गांव निवासी कुमारी बाई साहू परिवार का खर्च चलाने के लिए बकरी पालन करती थीं। गांव के ही अर्जुन साहू को उनके इस काम पर आपत्ति थी। वह साहू समाज में बकरी नहीं पालने की परंपरा का हवाला देकर इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
गुरुवार देर शाम बकरी पालन के मुद्दे पर एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर अर्जुन साहू ने कथित तौर पर डंडे से कुमारी बाई साहू के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजन घायल कुमारी बाई को खून से लथपथ हालत में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। देर रात करीब ढाई बजे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अजीत साहू की शिकायत के आधार पर अर्जुन साहू के खिलाफ कार्रवाई की गई। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित