जशपुर , नवंबर 08 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चरित्र पर संदेह के चलते एक शिक्षक एवं प्रभारी हॉस्टल अधीक्षक द्वारा अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस से आज मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना बगीचा थाना क्षेत्र के रंगपुर की है। यहां शिक्षक एवं प्रभारी हॉस्टल अधीक्षक कोलोराम पर अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करने और इसी वजह से उसकी हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पत्नी पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी कोलोराम बगीचा थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटनाक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित