गरियाबंद , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित तौर पर हीरे के अवैध परिवहन के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ चमकीले पत्थर बरामद किए हैं। पुलिस ने इन पत्थरों के हीरा होने की आशंका जताते हुए इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई है।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक मोटरसाइकिल से रसेला-खरखरा मार्ग की ओर बहुमूल्य खनिज पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देवरी-धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रोककर पूछताछ की। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास अलग-अलग कागज में लिपटे आठ चमकीले पत्थर मिले।
पुलिस के मुताबिक लिलेश्वर नायक (26) और हेमकुमार यादव (65) के कब्जे से तीन-तीन तथा पुरण नायक (33) के पास से दो पत्थर बरामद किए गए। तीनों आरोपी गरियाबंद जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आठ संदिग्ध हीरों के अलावा तीन मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
इस संबंध में छुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 3(5) और खनन कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद पत्थर कहां से लाए गए थे और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। बरामद पत्थरों के वास्तविक स्वरूप और मूल्य की पुष्टि जांच के बाद होने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित