रायपुर , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा है कि "बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और उसका असर साफ दिखाई दे रहा है।"हनुमान जयंती के अवसर पर रायपुर के प्रसिद्ध श्री राम मंदिर दर्शन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री नेताम ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि "कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया, उसी दिन से उसका पतन तय हो गया था।" उन्होंने दावा किया कि "वीर बजरंगबली की गदा कांग्रेस पर पड़ चुकी है और उसकी विचारधारा पूरी तरह समाप्त होने की ओर है। कांग्रेस को अब आत्ममंथन कर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।"नक्सलवाद के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि "देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प पूरा किया जा रहा है और यह बजरंगबली के आशीर्वाद के बिना असंभव था।"कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए श्री नेताम ने कहा, "कांग्रेस को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह अपने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के कामों की मॉनिटरिंग कर रही है।"खाद संकट के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेसियों को कांग्रेस से संकट है। देश में खाद का कोई संकट नहीं है। संकट इसलिए है क्योंकि बिचौलियों का समर्थन कांग्रेस करते आई है। सरकार बहुत सख्ती करेगी, ताकि कोई खाद का भंडारण न कर सके।"नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष पैकेज की मांग पर उन्होंने कहा, "सब देंगे, लेकिन उनके पेट में अभी से दर्द क्यों हो रहा है। चिंता न करें, हम सब ठीक करेंगे।"मंत्री के इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित