अम्बिकापुर , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा वुडबॉल संघ से जुड़े खिलाड़ी आकाश दुबे का चयन भारतीय वुडबॉल टीम में हुआ है। वह 30 अप्रैल से चार मई 2026 तक हांगकांग में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरगुजा जैसे क्षेत्र से खिलाड़ी का राष्ट्रीय टीम में चयन होना गौरव की बात है। आकाश ने अपनी मेहनत और निरंतर प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पूर्व में कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करतेहुए पदक जीते हैं और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभाई है।
आकाश दुबे का चयन भोपाल में आयोजित ओपन इंटरनेशनल चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। इसके बाद इंडिया कैंप में उनके समर्पण और अभ्यास ने उन्हें टीम में जगह दिलायी।
छत्तीसगढ़ वुडबॉल संघ के सचिव जितेंद्र पटेल, के.पी. सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिंहा और रजत सिंह सहित सरगुजा वुडबॉल संघ एवं जिला बास्केटबॉल संघ के सदस्यों ने आकाश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वलप्रदर्शन की कामना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित