रायपुर , अक्टूबर 03 -- प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों के लिए स्वीकृत 240 इलेक्ट्रिक बसों को स्थानीय सड़कों और यात्री जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। बसों के आकार और तकनीकी कॉन्फिगरेशन का निर्धारण शहरों की सड़क की चौड़ाई, मोड़, चढ़ाई, रूट और संभावित यात्री संख्या को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

इसी प्रक्रिया के तहत केंद्रीय इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (सीआईआरटी) की टीम के साथ सूडा और संबंधित नगर निगमों के इंजीनियरों ने पुणे स्थित एका मोबिलिटी की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। टीम ने कंपनी के तकनीकी अधिकारियों के साथ बसों की बॉडी, आकार, मोड़ लेने की क्षमता, सड़क की स्थिति के अनुरूप वाहन सेटअप और अलग-अलग रूट पर इनके उपयोग सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत प्रदेश को मिलने वाली कुल 240 बसों में रायपुर के लिए 100, बिलासपुर के लिए 50, दुर्ग-भिलाई के लिए 50 और कोरबा के लिए 40 बसें स्वीकृत हैं। पूर्व निर्धारित व्यवस्था के मुताबिक बिलासपुर की 50 बसों में 35 मीडियम और 15 मिनी बसें प्रस्तावित हैं। इसी तरह कोरबा में 20 मीडियम और 20 मिनी बसों का प्रस्ताव है।

बस निर्माता एका मोबिलिटी के सात और नौ मीटर श्रेणी के मॉडल का उपयोग किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक सात मीटर की बस संकरी सड़कों, छोटे रूट, फीडर कनेक्टिविटी और चढ़ाई वाले क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है, जबकि नौ मीटर मॉडल अपेक्षाकृत चौड़े शहरी मार्ग और अधिक यात्री क्षमता वाले रूट के लिए है। सीआईआरटी के निरीक्षण में बस के आकार और संबंधित शहरों की सड़कों के बीच तकनीकी अनुकूलता पर विशेष ध्यान दिया गया।

राज्य सरकार ने चारों शहरों में बसों के रूट को अंतिम रूप देने से पहले यात्री संख्या, संभावित मांग, दूरी और कनेक्टिविटी के आधार पर चरणबद्ध अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद रूट की चौड़ाई, मोड़ और चढ़ाई जैसी स्थितियों को देखते हुए तय किया जाएगा कि किस मार्ग पर सात मीटर और किस पर नौ मीटर की बस चलाई जाएगी।

ई-बस सेवा के नोडल अधिकारी अनुपम तिवारी ने आज कहा, "छग की सड़कों के हिसाब से बसों को मॉडिफाई करने कहा है। छग में हैदराबाद की कंपनी बसों का संचालन करेगी। कंपनी को प्रति किमी 60 रुपए का भुगतान किया जाएगा।"बिलासपुर में 50 ई-बसों के संचालन का ठेका हैदराबाद की चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड को मिला है। कंपनी बसें उपलब्ध कराने के साथ ड्राइवर की व्यवस्था भी करेगी। वहीं कंडक्टर बिलासपुर अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के रहेंगे। कंपनी को सोसाइटी के माध्यम से बसों के वास्तविक संचालन के आधार पर 60 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित