रायपुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ की फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। वह रूस के खिलाफ आठ और 11 अक्टूबर को कोलकाता में होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल की गई हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त किरण पिस्दा की राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। इससे पहले वह वर्ष 2022 में नेपाल में आयोजित दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ) महिला चैंपियनशिप में भारतीय सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
भारतीय टीम और रूस के बीच पहला मैत्री मुकाबला आठ अक्टूबर को शाम छह बजे कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में निर्धारित है, जबकि दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किरण के चयन पर वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बातचीत कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला फुटबॉल टीम में किरण का चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने किरण के माता-पिता, प्रशिक्षकों और रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी को भी बधाई दी।
श्री साव ने विश्वास व्यक्त किया कि किरण अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
किरण की सफलता में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी और प्रशिक्षक सरिता कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अकादमी में नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण ने उनके खेल कौशल को निखारने में योगदान दिया है। प्रशिक्षक सरिता कुजूर खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल के साथ मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देती हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश की अन्य बालिका खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
रायपुर की शासकीय फुटबॉल अकादमी से भारतीय सीनियर महिला टीम तक पहुंची किरण पिस्दा की उपलब्धि को प्रदेश में महिला फुटबॉल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित