रायपुर , जून 05 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन के संचार तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संचार विभाग में नई नियुक्तियां की हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सहमति तथा प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला की अनुशंसा पर प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पांच मुख्य प्रवक्ताओं और तीन वरिष्ठ प्रवक्ताओं की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया है। जिसकी जानकारी आज कांग्रेस के प्रदेश संगठन ने मीडिया को दी।

जारी आदेश के अनुसार आर.पी. सिंह, अमित श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, सुरेंद्र वर्मा और वंदना राजपूत को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

इसी प्रकार नितिन भंसाली, सरयूप्रकाश और अमरनारायण राय को वरिष्ठ प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित