रायपुर , जुलाई 31 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया पर प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर की गई एक पोस्ट के मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अरुण मालाकार ने फेसबुक पर उमेश पटेल के नेतृत्व के समर्थन में एक पोस्ट साझा की थी। संगठन ने इस पोस्ट को पार्टी की छवि को धूमिल करने वाला तथा संगठनात्मक अनुशासन के प्रतिकूल माना है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

नोटिस में अरुण मालाकार को निर्देश दिया गया है कि वे तीन दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब प्राप्त नहीं होने अथवा उत्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित