रायपुर , मई 16, -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से नवनियुक्त 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। यह शिविर 21 जून से 30 जून तक प्रस्तावित है और राजधानी रायपुर के आसपास किसी रिसॉर्ट या फार्महाउस में इसके आयोजन की संभावना जताई जा रही है।
पार्टी के अनुसार, नवंबर 2025 में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद यह पहला औपचारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जिसका उद्देश्य संगठनात्मक कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करना और जमीनी स्तर पर नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है।
इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के शीर्ष नेता संगठन, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और राजनीतिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, तथा छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिन पायलट के शामिल होने की संभावना है।
राज्य स्तर पर भी वरिष्ठ नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता टी. एस. सिंहदेव मौजूद रह सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित