रायपुर , मई 12 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने आज राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों ने जनता की समस्याओं को कम करने के बजाय और बढ़ा दिया है।
श्री बैज ने कहा कि देश पहले से ही डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की आपूर्ति संकट और महंगाई की मार से जूझ रहा है, ऐसे में प्रधानमंत्री की ओर से की गई सलाहें आम जनता की परेशानियों को और बढ़ाने वाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों से उर्वरक उपयोग कम करने, कामकाजी लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने, महिलाओं को खाद्य तेल और गैस का कम उपयोग करने, सोना न खरीदने तथा विदेश यात्रा से बचने जैसी सलाहें व्यवहारिक नहीं हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उर्वरक की कमी के कारण किसानों की उत्पादकता प्रभावित हो रही है और वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में आवश्यक उर्वरक की भारी कमी है और सोसायटियों तक केवल सीमित मात्रा में ही आपूर्ति पहुंच रही है।
उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर कहा कि पिछले वर्षों में आवश्यक वस्तुओं के दामों में कई गुना वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में वृद्धि का उल्लेख करते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।
श्री बैज ने यह भी कहा कि सोने की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और महिलाओं की बचत और खरीद क्षमता प्रभावित हुई है। उन्होंने विदेश यात्राओं और सरकारी खर्चों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम उत्पादों पर करों के माध्यम से बड़े पैमाने पर राजस्व संग्रह किया गया है, जबकि आम जनता को राहत नहीं दी गई। साथ ही देश में तेल और गैस भंडारण क्षमता के विस्तार को लेकर भी सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
श्री बैज ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक दबाव के कारण आम नागरिकों को कर्ज लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित