रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की ये परीक्षाएं मार्च से अप्रैल के बीच आयोजित की जाएंगी। जारी समय-सारिणी के अनुसार 12वीं की परीक्षा 16 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 17 मार्च 2026 से शुरू की जाएगी।
बोर्ड द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार सभी परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित होंगी। परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक अपनी सीट ग्रहण करनी होगी। इसके बाद 8:35 बजे उत्तरपुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी, 8:40 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे और उत्तर लिखने का समय सुबह 8:45 बजे से शुरू होकर 11:45 बजे तक रहेगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान किसी प्रकार का शासकीय या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। हालांकि किसी विशेष परिस्थिति में आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड परीक्षा तिथियों में बदलाव करने का अधिकार रखता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित