रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में खेल और बाल विकास की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम पंचायत सरोरा में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का भूमिपूजन तथा 11.86 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया।

श्री वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि नए आंगनबाड़ी भवन से बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिलेगा, जबकि मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

उन्होंने क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें सरोरा में कक्षा पहली से बारहवीं तक स्वामी विवेकानंद विद्यालय खोलने, अधूरे आईटीआई भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, स्कूल मैदान में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, साइकिल स्टैंड के लिए 10 लाख रुपये, शेड निर्माण, बुंदेली गांव में स्कूल भवन के लिए 10 लाख रुपये, सरोरा स्कूल में वाटर कूलर, मुक्तिधाम शेड तथा बुंदेली में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा शामिल है।

राजस्व मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए तिल्दा-सांकरा और बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग के निर्माण हेतु 25-25 करोड़ रुपये, बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग के लिए 50 करोड़ रुपये तथा पड़कीडीह मार्ग के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित