रायपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ में शहरी अधोसंरचना के विकास, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और नगरीय निकायों की वित्तीय क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को नवा रायपुर में अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) एवं शहरी अधोसंरचना वित्तपोषण पर आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में म्युनिसिपल बॉन्ड, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल और निवेश आधारित शहरी परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा होगी। कार्यशाला सुबह 10 बजे होटल मेफेयर लेक रिसॉर्ट में शुरू होगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यशाला के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, हुडको और सेप्ट यूनिवर्सिटी के बीच दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इनका उद्देश्य नगरीय निकायों की संस्थागत एवं वित्तीय क्षमता मजबूत करने, आधुनिक शहरी नियोजन को बढ़ावा देने और निवेश आधारित अधोसंरचना परियोजनाओं के विकास में सहयोग बढ़ाना है।

कार्यशाला में अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो के माध्यम से शहरी परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने तथा नगरीय निकायों को निवेश योग्य परियोजनाएं तैयार करने में सक्षम बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ मुख्य वक्तव्य देंगे, जबकि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा प्रदेश में शहरी विकास की प्राथमिकताओं और अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं पर विचार रखेंगे।

कार्यशाला में दोपहर 12 बजे से तीन तकनीकी सत्र होंगे। इनमें अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो की कार्यप्रणाली, शहरी परियोजनाओं की अवधारणा एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने, किफायती आवास, पीपीपी मॉडल, म्युनिसिपल फाइनेंस और म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से संसाधन जुटाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित