रायपुर , जुलाई 27 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने (भाजपा) संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित देशव्यापी सामाजिक समरसता अभियान के तहत सोमवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी के लिए रवाना किया।
प्रतिनिधिमंडल संत रविदास की जन्मस्थली से पवित्र माटी और जल लेकर लौटेगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि पवित्र माटी एवं जल अभियान के प्रभारी डॉ. सनम जांगड़े के नेतृत्व में रवाना हुए प्रतिनिधिमंडल में डॉ. खिलावन साहू, ध्रुव प्रसाद मिर्धा, हरिनाथ खुंटे, चंद्र प्रकाश सूर्या, खेमराज बाकरे, मोनू वर्मा, महंत खेलूराम पैगवार, ओमेश्वर जीभेकार, मोरध्वज गिलहरे, गुलशन सुमन और राजकुमार जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और समावेशिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह देशव्यापी अभियान चला रही है। अभियान के तहत देशभर में कलश यात्राएं निकाली जाएंगी, व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा तथा छात्रावासों एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में संत रविदास के जीवन-दर्शन और विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित