बेमेतरा, 19 अगस्त 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में मध्याह्न भोजन के दौरान खाने में डामर जैसी संदिग्ध गोली मिलने का मामला सामने आया है। भोजन करने के बाद कई बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा गया था। इसी दौरान खाने में डामर (फेनाइल की गोली) जैसी एक संदिग्ध वस्तु मिलने की बात सामने आयी। इसके बाद कुछ बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। फिलहाल बच्चों का स्वास्थ्य स्थिर है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन में भी हलचल तेज हो गयी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भोजन में डामर जैसी संदिग्ध वस्तु किस तरह और किन परिस्थितियों में पहुंची। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
इस घटना ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था के साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा उसकी निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित