राजनांदगांव , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लगे बघेरा गांव के कांजी हाउस में दो दिनों में 11 मवेशियों की मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मवेशियों की मौत के लिए चारा-पानी की कथित अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमनी थाने में शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को पांच और रविवार को छह मवेशियों की मौत हुई। आरोप है कि मृत मवेशियों के शव कांजी हाउस में पड़े रहने से आसपास दुर्गंध फैलने लगी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिसर में मवेशियों के शव पड़े मिले।
पूर्व सरपंच राजेंद्र यदु और अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि फसलों को लावारिस मवेशियों से बचाने के लिए तार से घेराबंदी कर कांजी हाउस बनाया गया था। यहां रखे जाने वाले मवेशियों के चारे-पानी और संचालन के लिए कथित तौर पर प्रत्येक घर से 200 रुपये प्रतिमाह लिए जा रहे थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशि एकत्र किए जाने के बावजूद मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई। मवेशियों की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कुछ मवेशियों की मौत हुई थी और उनके शवों को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित