कोंडागांव , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ में लोगों को कथित रूप से भय दिखाकर अवैध वसूली करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद सहित लगभग 6.40 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, जामपदर पारा निवासी तिमिर प्रकाश पटेल ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान की फोटो और वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने, बदनाम करने तथा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की वसूली की।

शिकायत के आधार पर थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 213/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान कार्तिकेश्वर कश्यप (43), निवासी मावलीगुड़ा, थाना बस्तर तथा विशाल सोनी (29), निवासी करेकोटपारा, पंडरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर को गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वयं को पत्रकार बताकर समाचार प्रकाशित करने और बदनाम करने का भय दिखाकर रुपये वसूलने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से डिजायर कार (सीजी-17-एलसी-6661), एक मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित