रायपुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर राज्य में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आयोजन पर हुए खर्च और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है।
श्री बैज ने गुरुवार रात कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश में करीब 40 लाख दीये जलाने की तैयारी की गई थी और अकेले रायपुर में करीब 25 लाख दीये प्रज्ज्वलित करने का दावा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई से जूझ रही जनता के बीच इस तरह बड़े पैमाने पर आयोजन करना सरकारी संसाधनों के अपव्यय का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी के जन्मदिन मनाने का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रमों में सरकारी धन और संसाधनों का कितना इस्तेमाल हुआ। उन्होंने सरकार से दीयों की खरीद, तेल, बाती, परिवहन, सजावट, मंच, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं पर हुए कुल खर्च तथा भुगतान के मद की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
श्री बैज ने सवाल किया कि यदि यह पूरी तरह भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम था तो इसमें सरकारी मशीनरी और अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका क्या थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और पंचायत स्तर के अमले को भी इन आयोजनों में लगाया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों का असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है। ऐसे समय में लाखों दीयों के आयोजन से सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठते हैं।
श्री बैज ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 'सेवा संकल्प अभियान' के रूप में मना रही है जबकि कांग्रेस ने इसे 'महंगाई-बेरोजगारी दिवस' के रूप में मनाते हुए प्रदेश के जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोजगार, किसानों को उपज का उचित मूल्य और महंगाई से राहत जैसे मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित