पटना, नवंबर 08 -- ठ महापर्व से संबंधित तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने रविवार को पाटलिपुत्र, नूतन राजधानी, बांकीपुर एवं अजीमाबाद अंचल के अंतर्गत आने वाले गंगा घाटों का विस्तृत निरीक्षण किया।श्री मीणा ने विभिन्न घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट, महेंद्रू, टीएन बनर्जी, मिश्री, गांधी, बड़हड़वा, चौधरी टोला, नरकट, पथरी सहित कुल 24 गंगा घाटों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान कई घाटों पर अस्थायी अतिक्रमण पाया गया जिसे तत्काल हटाने तथा संबंधित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर स्थित स्थायी शौचालयों एवं चेंजिंग रूम के रंग-रोगन का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, कायाकल्प अभियान के तहत घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने तथा पुराने साइन बोर्ड को बदलकर नए साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये गए।

जिन घाटों पर गंगा नदी का जलस्तर दूर है, वहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहुंच पथ को भी व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने इन रास्तों पर उगी घास एवं अन्य अवरोधों को हटाकर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिये कि घाटों पर चिह्नित सभी खतरनाक स्थलों की लाल कपड़े से बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित