पटना , अक्टूबर 29 -- ठ महापर्व के अवसर पर पटना नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नकटा दियारा से दीदारगंज बालू घाट तक कुल 92 गंगा घाटों और 82 स्थायी एवं अस्थायी तालाबों, पोखरों तथा पार्कों में छठ व्रतियों के लिए अर्घ्य की व्यवस्था की जा रही है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त घाटों, सीढ़ियों एवं संपर्क पथों की मरम्मत के साथ घाटों के समतलीकरण, पहुंच पथ निर्माण, पार्किंग, बैरिकेडिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था और यात्री शेड सहित आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का कार्य तेज कर दिया गया है।

नगर आयुक्त यशपाल मीणा के दिशा-निर्देशन में महापर्व के सुव्यवस्थित संचालन के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की गई है। इसके तहत सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों की समयबद्ध रूप से निगरानी की जा रही है।

छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी चिह्नित घाटों, तालाबों, पोखरों, पार्कों और उनके संपर्क पथों की तीन चरणों में गहन सफाई की जाएगी।

दीपावली तक सभी चिह्नित स्थलों एवं उनके पहुंच पथों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद 09 से 11 नवंबर तक पुनः विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। दीपावली के बाद गंगा में पूजन सामग्री विसर्जित किए जाने से घाटों की स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए निगम द्वारा चिह्नित घाटों पर कृत्रिम तालाब और डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित