बिहारशरीफ, जुलाई 16 -- िहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसम्पर्क मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को कहा कि बिहार के ग्रामीणों को अब शहरों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। मंत्री श्री कुमार ने आज नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड के डोईया गांव में छह लाख रुपये की लागत से बने छठ घाट के उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते कहा कि गांव में छठ घाट का निर्माण हो जाने से छठव्रती माताएं अब गांव में ही अर्घ्य दे पाएंगी, जिससे उन्हें काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि गांवों में बिजली की मुकम्मल व्यवस्था है। गांव में शुद्ध पेयजल, पीसीसी ढलाई वाले शौचालय, पार्क और खेल मैदान उपलब्ध हैं। सूबे के गरीब मजदूरों और किसानों का राशन कार्ड बनवाया जा रहा है, जिससे उनके परिवार को प्रति व्यक्ति पांच किलो राशन मिल सके।

इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास हो रहा है।उन्होंने कहा कि हर परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। राज्य में हो रहे विकास कार्यों की अब देश के अन्य राज्यों में अनुकरण किया जा रहा है। यहां के युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं, जो देश में सर्वश्रेष्ठ है।

मौके पर मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से जानकारी ली तथा विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।

इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार, प्रखंड प्रमुख रेखा देवी, उपप्रमुख अविनाश कुमार मौर्य, बीडीओ जियाउल हक, जदयू नेता शैलेन्द्र गराई, बंटू कुमार, सुधीर कुमार, उपेन्द्र सिंह, मुखिया सोनू सुल्तान, बंटी यादव, राजू कुमार, संजय कुमार, नदीम जफर उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित