हरिद्वार , मई 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र में बंद पड़े घर में सेंधमारी कर गहने और नगदी चोरी करने की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है । आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार मेहवड़कला निवासी अनिरुद्ध सैनी ने 2 मई 2026 को कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल को उनके परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर मुख्य गेट और अलमारी का ताला टूटा मिला तथा घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे। मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर "ऑपरेशन प्रहार" के तहत गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, मुखबिर तंत्र सक्रिय करने और क्षेत्र में लगे 60-70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस टीम ने 3 मई की रात धनौरी रोड स्थित बावन दर्रा के पास नहर पटरी से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के जेवर और 4000 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलशेर पुत्र नासिर अली निवासी लंढौरा, थाना मंगलौर बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित