रायपुर , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और उन पर हुए कथित खर्च को लेकर गंभीर सवाल खड़े उठाए हैं।
श्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए आज श्री राहुल गांधी के 22 वर्षों के राजनीतिक करियर के दौरान की गई विदेश यात्राओं का ब्यौरा साझा किया है। इससे पहले नई दिल्ली में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की निजी विदेश यात्राओं और उनके वित्तीय स्रोतों को लेकर सवाल उठाए।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी ने अब तक 54 विदेश यात्राएं की हैं, जिनमें इटली, ब्रिटेन , अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देश शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तीन मई 2026 को सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज में मस्कट और ओमान की कथित अघोषित यात्राओं का भी उल्लेख सामने आया है।
श्री पात्रा ने कहा "राहुल गांधी ने 54 विदेश यात्राएं की हैं. इनमें 60 करोड़ रुपये खर्च हुए।" उन्होंने आगे कहा "राहुल गांधी की आय का विवरण 11 करोड़ रुपये है ऐसे में उनके निजी यात्रा के दौरान फंडिंग कहां से हुई।"भाजपा सांसद के अनुसार, 2013-14 से 2022-23 तक उपलब्ध आय विवरण में श्री राहुल गांधी की घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि सीमित आय के बावजूद कथित रूप से 60 करोड़ रुपये के खर्च का वित्तीय स्रोत क्या है।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित