चंडीगढ़ , अप्रैल 02 -- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सभी कुलपतियों के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चार विश्वविद्यालयों के कुलपतियों पर विजिलेंस जांच शुरू किए जाने के बाद अब सभी विश्वविद्यालयों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका दावा है कि यदि ईमानदारी से जांच हो, तो बड़े पैमाने पर घोटाले सामने आ सकते हैं।

श्री चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर दिया है और विश्वविद्यालयों में योग्यता के बजाय पक्षपात के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति पर छात्रों और शिक्षकों द्वारा भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए और विरोध प्रदर्शन भी हुए, लेकिन कार्रवाई के बजाय उन्हें दोबारा नियुक्त किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग में छात्रवृत्ति घोटालों सहित कई मामले सामने आए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। श्री चौटाला ने सरकार पर सुशासन के बजाय कुशासन देने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित