जौनपुर , मार्च 17 -- जौनपुर में आगामी 19 मार्च से शुरू हो रहे मां शीतला चौकिया धाम में वासंतिक (चैत्र) नवरात्र के अवसर पर 19 मार्च से 27 मार्च तक लगने वाले मेले के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कर लिए गए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मेले की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी और खुफिया पुलिस की टीम भी लगातार नजर रखेगी। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ मां शीतला चौकिया धाम में इस वर्ष चैत्र नवरात्र मेले की सुरक्षा व्यवस्था विंध्याचल धाम और अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर की गई है। मेले में सौ से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी और पहली बार पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा।

मेले के संबंध में जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह ने बताया कि चैत्र अमावस्या की रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है और नवरात्र के सभी दिनों में भक्तों की निरंतर आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने बताया कि महर्षि यमदग्नि की पावन धरती पर स्थित इस मंदिर के उत्तर दिशा में एक प्राचीन तालाब भी है, जिसे जौनपुर नगर के एक साहूकार परिवार ने बनवाया था, जहां श्रद्धालु स्नान कर मां शीतला के दर्शन-पूजन करते हैं।

मान्यता है कि इस मंदिर में स्थापित मां शीतला देवी के दर्शन से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और पूर्वांचल के कई श्रद्धालु यहां दर्शन करने के बाद विंध्याचल धाम की यात्रा करते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि मेले की सुरक्षा के लिए सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिनमें महिला पुलिस भी शामिल रहेगी। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपजिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह को विशेष रूप से तैनात किया गया है, जो मौके पर रहकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित