सुलतानपुर , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की पुलिस ने रविवार को अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है। इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 25,000 रुपये का इनाम भी दिया गया है।

जिले की पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने आज यहां बताया कि दोपहर करीब 03:40 बजे फिरोजपुर कलां तिराहा, थाना कुड़वार से अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के थाना कुड़वार पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे चोरी करने से पहले लक्ष्य वाले मकान की रेकी करते थे। कई दिनों तक आने-जाने के रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जाती थी। पकड़े जाने से बचने के लिए वे घटना के समय अपने मोबाइल फोन साथ नहीं ले जाते थे या उन्हें स्विच ऑफ करके दूर रख देते थे। वे घर के सदस्यों के सो रहे होने के बावजूद अत्यंत शातिर तरीके से चोरी को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। चोरी की गई चांदी को खपाने और सोने-चांदी को गलाने में सुलतानपुर के पंजाबी कॉलोनी निवासी जौहरी मनीष जायसवाल उनकी मदद करता था। मनीष जायसवाल ही चोरी के आभूषणों को बेचकर अपना हिस्सा रखता था और बाकी पैसे गिरोह में बांटता था। फिलहाल कुछ चोरियों के माल के साथ मनीष जायसवाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सभी मुकदमों में धाराएं बढ़ाई गई हैं।

इस गिरोह की गिरफ्तारी से सुलतानपुर और प्रतापगढ़ जिले की कई बड़ी चोरियों का खुलासा हुआ है। इनमें कोतवाली नगर (सुलतानपुर) शाहगंज में डॉ. संजय मिश्रा के मकान में हुई चोरी, थाना जयसिंहपुर (सुल्तानपुर) के जगदीशपुर व बहली ग्राम में लगातार तीन चोरियां और थाना कुड़वार (सुलतानपुर) क्षेत्र में हुई दो अन्य चोरियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जनपद प्रतापगढ़ (थाना कोतवाली नगर व अन्तू) के पूरे ईश्वरनाथ व डंगरी दूबेपुर में हुई चोरियां भी सुलझाई गई हैं, जिनके सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले थे।

जिले के प्रतापगढ़ के थाना कोतवाली नगर व अन्तू (पूरे ईश्वरनाथ व डंगरी दूबेपुर) में हुई चोरियां भी इस गिरोह ने की थीं। प्रतापगढ़ की इन चोरियों के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले थे। पकड़े गए आरोपियों में से तीन सुलतानपुर के नामी हिस्ट्रीशीटर हैं, जिन पर पहले से दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। जावेद अहमद निवासी घरहा कला, सुल्तानपुर (हिस्ट्रीशीटर-12 ए) इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 34 गंभीर मामले दर्ज हैं।

अजीम कुरैशी निवासी लाला का पुरवा, नॉर्मल चौराहा, सुल्तानपुर (हिस्ट्रीशीटर - 143ए) इसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज हैं। मो० आदिल निवासी डिहवा कला, सुल्तानपुर (हिस्ट्रीशीटर - 136ए) इसके खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं। अजय कुमार कोरी निवासी डिहवा राहुल चौराहा, सुल्तानपुर इसके खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित