अलवर , मई 05 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर एक लाख रुपए के जेवर और एक लाख से ज्यादा की नकदी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने मालवीय नगर के पास श्याम नगर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक वेद प्रकाश मीणा ने मंगलवार को बताया कि वह परिवार सहित अपने गांव गए हुए थे। पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़ कर वारदात की।
घटना की सूचना आज सुबह घर के सामने स्थित एक निजी स्कूल संचालक ने दी जब वह मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा देखा। चोर चांदी की पाजेब, कमरबंद और कानों की बालियां सहित नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने मकान के पीछे रहने वाले किरायेदार के घर को भी निशाना बनाया। वहां भी ताले टूटे मिले हैं, हालांकि किरायेदार के नुकसान का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है ।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक बाहर निगरानी करता नजर आ रहा है, जबकि दो युवक घर के अंदर घुसकर कुछ देर बाद बैग में सामान लेकर निकलते दिखे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित