छिंदवाड़ा , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के इकलहरा स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) क्षेत्र में चोरी के संदेह में तीन युवकों के साथ मारपीट कर उनके गले में तार डालकर जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की दोहरी जांच शुरू कर दी है। पुलिस एक ओर युवकों पर लगे चोरी के आरोपों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून हाथ में लेकर मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वाले लोगों की पहचान भी की जा रही है।

चांदामेटा थाना प्रभारी खेलचंद पटले ने बताया कि घटना दो दिन पुरानी है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को कथित तौर पर बिजली के तार चोरी करने के संदेह में पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने तीनों के साथ मारपीट की और उनके गले में तार डालकर पूरे क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक की चप्पलों, लात-घूंसों से पिटाई करते तथा दूसरे युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। भीड़ युवकों को घेरकर चलते हुए नजर आ रही है। घटनास्थल पर सुरक्षा गार्ड सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तीनों युवक वास्तव में तार चोरी की घटना में शामिल थे या नहीं। साथ ही क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से उनका कोई संबंध है अथवा नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह था तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी। किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करना, उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करना अथवा जुलूस निकालना कानूनन अपराध है। इसलिए वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोनों पक्षों की भूमिका के अनुसार अलग-अलग कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित