राजनांदगांव , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद समेत चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में रविशंकर देवांगन के घर पांच से नौ सितंबर के बीच करीब 2.10 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गफ्फार शरीफ (55) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर 60 हजार रुपये नकद, जर्मन की दो कड़ाही, पीतल की बाल्टी और तांबे का गिलास बरामद किया गया। उसे 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, तुमड़ीबोड़ चौकी क्षेत्र में देवांगन वॉच सेंटर का शटर उठाकर 30 घड़ियां, बैग और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर योगेश साहू (20) को चिन्हित किया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी जलालुद्दीन कुरैशी (32) और प्रेम सिंह (26) के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने तुमड़ीबोड़ में एक पान ठेले का ताला तोड़कर सिगरेट, पान मसाला और नकदी चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से घड़ियां, बैग और नकदी बरामद की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित