नैनीताल , अप्रैल 21 -- उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत पुलिस ने मंगलवार को चोरी की तीन मोटरसाइकिल के साथ छह चोरों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन फरार वारंटियों को भी पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को रामनगर कोतवाली में दर्ज बाइक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरपानी क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस दौरान चार आरोपियों मयंक चौधरी, दिव्यांशु आर्या, विमल कुमार और योगेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में हल्द्वानी पुलिस ने 18 अप्रैल को दर्ज दो अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए मंडी बाईपास जंगल क्षेत्र से दो शातिर आरोपियों योगेश कार्की उर्फ आयुष और विनय राणा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई है।
वहीं चोरगलिया पुलिस ने एक वारंटी गुलाम रसूल उर्फ निक्का को भी गिरफ्तार किया जबकि लालकुआं पुलिस ने दो वारंटियों राजा परिहार और कमल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित