बैतूल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार वैष्णवी नगर, गौठाना निवासी कैलाश पिता लक्ष्मण वामने (48) ने 27 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 28 अगस्त की रात उनकी बजाज डिस्कवर 100 एम मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-48 एमके-9762 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 812/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत मामला जांच में लिया।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर लोहिया वार्ड, गंज निवासी तैय्यब उर्फ तय्यू खान (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, सहायक उप निरीक्षक अरुण यादव, आरक्षक शशांक यादव और आरक्षक नारायण की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने वाहन मालिकों से वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, लॉक सहित जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से चोरी के मामलों में कार्रवाई और चोरी गए वाहनों की बरामदगी में मदद मिलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित