बैतूल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए 10 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 5.30 लाख रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना भैंसदेही पुलिस ने इस मामले में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 24 और 25 मार्च की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ भीकुंड रोड पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को वाहन सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजल उर्फ शेख अरसद (22) निवासी बैरागढ़ थाना धारणी (महाराष्ट्र) बताया। उसके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह वाहन महाराष्ट्र के बैरागढ़ क्षेत्र से गोलू उर्फ अनिल नामक व्यक्ति से लिया था।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अन्य चोरी की मोटरसाइकिल गुप्तवाड़ा के जंगल में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नौ अन्य मोटरसाइकिल बरामद कर लीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित