सिरसा , अक्टूबर 12 -- हरियाणा में सिरसा पुलिस ने बरनाला रोड पर नाकाबंदी के दौरान चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को पंजाब के सरदूलगढ़ से गिरफ्तार किया। चोरी की मोटरसाइकिल करीब दो महीने पहले पटियाला यूनिवर्सिटी से चोरी हुई थी।
पुलिस के अनुसार बस स्टैंड पुलिस चौकी की टीम रात को बरनाला रोड स्थित टी-प्वाइंट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भूमण शाह चौक की तरफ से पंजाब नंबर की बुलेट आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल बंद हो गई। पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर उसे पकड़ लिया।
दस्तावेज मांगने पर युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जांच में मोटरसाइकिल संगरूर निवासी व्यक्ति की निकली, जिसने पुलिस को बताया कि उसकी बुलेट करीब दो महीने पहले पटियाला यूनिवर्सिटी से चोरी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी गुरदेव सिंह उर्फ साहिब निवासी भंडेरी कलां, जिला पटियाला के खिलाफ सिविल लाइन थाना सिरसा में मामला दर्ज किया। आगे की जांच में दूसरे आरोपी प्रगट सिंह निवासी झंडा कलां, जिला मानसा को सरदूलगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित