गोपालगंज,21सितंबर(वार्ता) बिहार में गोपालगंज जिले में नगर थाना पुलिस ने सोमवार को थावे बाईपास के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के छोटका धामापाकड़ गांव निवासी बबलू कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं, फरार साथी की पहचान जीशान अली उर्फ गोलू के रूप में की गई है।

सूत्रों ने मिली मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना की पुलिस थावे बाईपास पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोककर वाहन के कागजात की मांग की गई। कागजात न दिखाने पर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो युवकों की चालाकी सामने आ गई। पुलिस कस्टडी में बबलू कुमार यादव ने स्वीकार किया कि जब्त बाइक बंजारी मोड़ से चोरी कर लें जा रहे थे।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। फरार साथी जीशान अली उर्फ गोलू की गिरफ्तारी और बाइक चोर गिरोह के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित