भरतपुर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में भरतपुर के कस्वा नदबई में रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने वाली गली में सर्राफ की एक दुकान में बुधवार देर रात चोरी की घटना के बाद गुरुवार सुबह आक्रोशित लोगों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोरों ने सर्राफ महेश चंद बंसल की दुकान का शटर तोड़कर करीब दो घंटे तकदुकान के अंदर रह कर सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना पास की दुकानमें लगे एक सीसीटीवी में भी कैद हुई है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड के साथ हालात का जायजा लिया।

पुलिस के मौके पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने पुलिस की व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते कहा कि 25 मार्च को हुए ज्वैलर योगेंद्र चोपड़ा लूट एवं हत्याकांड का अभी तक खुलासा नहीं हुआ और अब 15 दिन के भीतर ही एक और बड़ी चोरी की वारदात हो गयी।

गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले ही नदबई में एक ज्वैलर की गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये की ज्वैलरी लूट की वारदात के बाद हुई इस घटना से कस्बे में सनसनी फैल गयी थी और आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित