मुरैना , सितंबर 25 -- मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को देवगढ़ थाने का घेराव किया।

प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर के समीप खेत में टेंट लगाकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो मुरैना पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना क्षेत्र में अवैध वसूली किए जाने की बात कही।

पूर्व विधायक सिकरवार ने कहा कि सुमावली विधानसभा क्षेत्र के देवगढ़ थाना क्षेत्र में भैंस चोरी और घरों में नकबजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस इन मामलों को सुलझाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भैंस चोरी होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सिकरवार ने पुलिस और अपराधियों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि चोरी के मामलों का खुलासा नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली और नीयत पर सवाल खड़े करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित