बैतूल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में झल्लार थाना पुलिस ने चोरी और लूट के तीन मामलों का खुलासा करते हुए निगरानी बदमाश सुभाष राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2.25 लाख रुपये कीमत की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को आमला रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गत एक जुलाई को ग्राम भैसाघाट स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय से दो गैस टंकियां, बर्तन और खाद्यान्न सामग्री चोरी की थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को सलाईढाना गांव में एक महिला को लोहे की रॉड दिखाकर डराया और उसका सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इसी दिन पात्रा नदी क्षेत्र से एक सीबी साइन मोटरसाइकिल भी चोरी हुई थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया मंगलसूत्र, हीरो स्प्लेंडर और सीबी साइन मोटरसाइकिल सहित दो बाइक, स्कूल से चोरी किए गए बर्तन और गैस टंकियां तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आरोपी के एक अन्य फरार साथी की तलाश की जा रही है। श्री जैन ने नागरिकों से अपनी संपत्ति की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित