बर्दवान , अक्टूबर 19 -- पश्चिम बंगाल के चोरबागान भगदड़ में पूर्वी बर्दवान के रैना में बीरपुर गांव की एक महिला एवं उसके बेटे की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया है।
गांव की टैगोर बेज (37) और उसका बेटा संदीप बेज (14) गुरुवार को बीरपुर से निकले थे। टैगोर के ससुर श्रीपति बेज के मुताबिक मां-बेटे पहले आरामबाग में अपने मायके गए थे और फिर अगले दिन अपनी मौसी से मिलने कोलकाता गए। इसके बाद वे पंडाल घूमते रहे और आखिरकार चोरबागान पंडाल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि परिवार को रात करीब नौ बजे उनकी मौत की खबर मिली। परिवार की एक सदस्य रीता बेज ने कहा, "अगर सही पुलिसिंग और यातायात प्रबंध होता तो इतनी मौतें टाली जा सकती थीं।"महिला एवं उसके बेटे की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। मृतक के सम्मान में गांववालों ने स्थानीय दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान साउंड सिस्टम बंद कर दिए हैं।
गांव के पुजारी बासुदेव रॉय ने कहा, "इस साल सिर्फ़ रस्में चुपचाप की जाएंगी।"उल्लेखनीय है कि इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित