वेलिंग्टन , अक्टूबर 11 -- न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिए फिन ऐलन, लॉकी फ़र्ग्यूसन और टिम साइफर्ट को टीम में वापस बुलाया है। इसके अलावा रचिन रवींद्र चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी करेंगे। वह पिछले महीने एक प्रोमो शूट के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज नहीं खेल पाएंगे।

चयनकर्ताओं ने पांच वनडे मैचों के लिए एक विभाजित टीम की घोषणा की है, क्योंकि आगामी टेस्ट सीरीज़ की तैयारी के लिए कुछ खिलाड़ी तीसरे वनडे के बाद पहले टेस्ट के वेन्यू वेलिंगटन जाएंगे। इसका मतलब है कि सात अन्य खिलाड़ी आख़िरी दो वनडे मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट में कहा गया, "जैक फ़ॉक्स (हिप फ़्लेक्सर), विल ओ'रूर्क (पिंडली) और बेन सीयर्स (टखना) को नहीं चुना गया क्योंकि वे अपनी-अपनी चोटों से उबरने के लिए रिहैब कर रहे हैं।"मिचेल सैंटनर सफेद गेंद में टीम की अगुवाई करेंगे। ऐलन और फ़र्ग्यूसन ने अपना आख़िरी वनडे 2023 के आख़िर में खेला था। ऐलन ने वनडे विश्व कप से ठीक पहले और फ़र्ग्यूसन ने विश्व कप के दौरान वनडे खेला था।

कोचिंग पदों के बारे में न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा, "मुख्य कोच रॉब वाल्टर के साथ गेंदबाज़ी कोच जैकब ओरम और बल्लेबाज़ी कोच ल्यूक रोंची जुड़ेंगे। यह रोंची का न्यूज़ीलैंड के साथ आख़िरी असाइनमेंट होगा, जिसके बाद वे पुरुषों की ऑस्ट्रेलियन बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के मुख्य कोच की भूमिका संभालेंगे। रोंची, ओरम, और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच क्रिस डोनाल्डसन तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन में टेस्ट की तैयारियों की अगुवाई करेंगे और उनके साथ नव-नियुक्त ब्लैककैप्स बल्लेबाज़ी कोच बीजे वाटलिंग भी जुड़ेंगे।"वाल्टर, नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के मेन्स स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच कोरी माइल्स के साथ चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम के साथ रहेंगे। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट द्वारा उचित समय पर अतिरिक्त कोचिंग सपोर्ट का ऐलान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित