केप टाउन , सितंबर 18 -- चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम से बाहर हो गये है। टीम में उनकी जगह नाकोबानी मोकोएना को बुलाया गया है। पिछले सप्ताह टाइटन्स और डॉल्फ़िन्स के बीच घरेलू प्रथम श्रेणी सीजन के पहले मैच में एनगिडी की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। बुधवार को हुए स्कैन से पुष्टि हुई कि उन्हें ठीक होने के लिए कुछ समय लगेगा। कगिसो रबाडा और ओटनिल बार्टमैन के बाद एनगिडी तीसरे तेज गेंदबाज हैं जो इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। पिछले सप्ताह एनगिडी ने डॉल्फ़िन्स की पहली पारी में आठ ओवर और दूसरी पारी में 8.3 ओवर फेंके। यह उनके साथी तेज़ गेंदबाजों मार्को जानसन और बेयर्स स्वानपओल की तुलना में कम था, जिन्होंने क्रमशः 26 और 20.3 ओवर फेंके थे। एनगिडी कुछ समय के लिए मैदान से बाहर भी रहे, लेकिन वापस लौटे और मैच के अंत में मौजूद थे। तब तक, डॉल्फ़िन्स के लिए खेल रहे बार्टमैन भी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण बल्लेबाज़ी करने में असमर्थ हो गए थे।
एनगिडी की जगह 20 साल के तेज गेंदबाज नाकोबानी मोकोएना को वनडे टीम में शामिल किया गया है। मोकोएना को दक्षिण अफ्रीका के नामीबिया दौरे के दौरान अपनी पहली वनडे कैप मिली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित