मुंबई , जून 23 -- आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जा रही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। उनके प्रमुख ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। रेड्डी को क्वाड्रिसेप्स की यह चोट अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे के दौरान लगी थी।

एमआरआई स्कैन में उनके बाएं क्वाड्रिसेप्स में सूजन और मांसपेशियों में नुक़सान पाया गया है। उन्हें आगे की जांच के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

बीसीसीआई ने रेड्डी के रिप्लेसमेंट के रूप में मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को दोनों दौरों पर भारतीय टी 20 दल में शामिल किया है। शेडगे ने हाल ही में भारत ए के लिए श्रीलंका में हुई त्रिकोणीय सीरीज़ में संतोषजनक प्रदर्शन किया था और पांच पारियों में 127 रन बनाने के साथ-साथ 23 ओवर भी फेंके थे।

रेड्डी के बाहर होने के बाद भारतीय टीम के पास कोई भी वास्तविक तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर नहीं बच रहा था, क्योंकि हार्दिक पंड्या भी क्वाड्रिसेप्स की हल्की चोट के कारण पहले से ही दोनों सीरीज़ से बाहर हैं। शिवम दुबे (टी20) और हर्षित राणा (टी20 और वनडे) विकल्प हो सकते हैं, लेकिन दोनों की मुख्य भूमिका क्रमशः बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ की है।

माना जा रहा है कि रेड्डी को इस चोट से उबरने में कम से कम चार सप्ताह लगेंगे, जिसके बाद ही वह मैदान पर वापसी की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। 23 वर्षीय रेड्डी अब तक दस टेस्ट, छह वनडे और चार टी20 खेल चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित