पोर्ट ऑफ स्पेन , जुलाई 31 -- पाकिस्तान के बल्लेबाज शान मसूद बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में फ्रैक्चर के कारण रविवार से पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गये है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने गुरुवार को टीम के मेडिकल पैनल द्वारा स्कैन और चिकित्सीय जांच के बाद शान मसूद के दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होने की पुष्टि की। मसूद को यह चोट तारौबा में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी। पहली पारी में जेडेन सील्स की गेंद खेलते समय शान मसूद की तर्जनी में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक बनाया था, हालांकि पाकिस्तान को ब्रायन लारा क्रिकेट ऐकेडमी में खेले गए मुकाबले में 90 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

चोट के कारण वह चौथे दिन सुबह मैदान पर क्षेत्ररक्षण के लिए नहीं उतरे थे। दूसरी पारी में 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का स्कोर 53/6 था, तब मसूद आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। वह सिर्फ़ 3 रन बनाकर प्वाइंट पर कैच आउट हो गए। बल्लेबाजी के दौरान वह लगभग एक हाथ से खेलते नजर आए थे, क्योंकि बाएं हाथ पर ज़्यादा दबाव डालना उनके लिए संभव नहीं था। मसूद की वापसी को लेकर कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की गई है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि 19 अगस्त से लीड्स में शुरू होने वाले इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता उनकी रिकवरी और मेडिकल प्रगति पर निर्भर करेगी। हालांकि वह वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ बने रहेंगे और इसके बाद इंग्लैंड भी टीम के साथ ही रवाना होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित