लंदन , जून 13 -- कनाडा की उभरती हुई स्टार टेनिस खिलाड़ी विक्टोरिया म्बोको घुटने की चोट के कारण विंबलडन में नहीं खेल पाएंगी। 19 वर्षीय म्बोको, जो रैंकिंग में नौवें स्थान पर हैं, एचएसबीसी चैंपियनशिप में कैरोलिना प्लिस्कोवा के खिलाफ मैच के दौरान फिसल गईं और उनके घुटने में मोच आ गई । दूसरे सेट में एक शॉट लगाने के प्रयास में म्बोको बेसलाइन के पीछे फिसल गईं और तुरंत अपना बायां घुटना पकड़ लिया। उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट को बताया कि उनके घुटने में "कोई स्थिरता नहीं" है। उन्होंने मैच छोड़ दिया और बाद में युगल स्पर्धा से भी नाम वापस ले लिया।
म्बोको सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लिखा, "दुर्भाग्यवश, बुधवार को गिरने से मेरे बाएं घुटने की एमसीएल मांसपेशी में चोट लग गई है, जिसका मतलब है कि मैं घास के मैदान पर खेले जाने वाले बाकी के टूर्नामेंटों में नहीं खेल पाऊंगी। इसका मतलब यह भी है कि मैं विंबलडन में भी नहीं खेल पाऊंगी, एक ऐसा टूर्नामेंट जिसका मुझे इस साल खेलने का बेसब्री से इंतजार था।"सेरेना विलियम्स और म्बोको ने मंगलवार को अपना पहला युगल मैच जीता था - यह 44 वर्षीय विलियम्स का 2022 यूएस ओपन के बाद पहला पेशेवर मैच था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित