टोक्यो , जुलाई 18 -- चोटिल चेन युफेई के सेमीफाइनल मैच के बीच हटने के कारण भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु ने शनिवार को जापान ओपन 2026 के महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है।

आज यहां मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेले गये सेमीफाइनल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु चीन की युफेई के ख्रिलाफ मैच में 21-19, 15-10 से आगे चल रही थीं, तभी दुनिया की नंबर 4 खिलाड़ी और पूर्व ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैच से हट गईं और सिंधु को खिताबी मुकाबले में जगह मिल गई।

बैडमिंटन रैंकिंग में 12वें नंबर पर मौजूद सिंधु का सामना स्थानीय अकाने यामागुची और इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वारदानी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के मैच की विजेता से होगा।

इस जीत के साथ सिंधु ने उनके यूफेई के खिलाफ लगातार हार का सिलसिला तोड़ा दिया। इससे पहले 2019 में सिंधु ने यूफेई को वर्ल्ड चैंपियनशिप में हराया था। सात साल बाद एक बार फिर से सिंधु ने यूफेई को हराया है। सिंधु करीब दो साल बाद किसी बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित