दांबुला , जून 16 -- श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के साथ यहां त्रिकोणीय सीरीज खेल रही भारत ए टीम के खिलाड़ी युद्धवीर सिंह चोटिल हो गये है और उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया है।

अशोक ने सोमवार को ही अपना घरेलू टीम भी बदला था और अब वह राजस्थान की बजाय गुजरात की टीम की ओर से खेलते दिखाई देंगे। भारतीय घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग में अशोक को उनकी तेज गेंदबाजी के लिए जाना जाता है और आईपीएल 2026 के दौरान उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ध्रुव जुरेल को 154.2 किमी/घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंकी थी। वह अपनी तेज़ रफ़्तार के साथ हार्ड लेंथ को हिट कर सकते हैं और सबसे छोटे प्रारुप में बल्लेबाजो को धोखा देने के लिए उनके पास स्लोअर गेंदें भी हैं। इसके अलावा वह लाल गेंद की क्रिकेट में नई गेंद के साथ गेंद को लहराने की भी क्षमता रखते हैं।

उन्होंने अपने पहले सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए छह मैचों में छह विकेट लिए। हालांकि टीम के अलग गेंदबाजी कॉम्बिनेशन ट्राय करने के कारण उन्हें बीच सीजन ही प्लेइंग 12 से अपनी जगह गंवानी पड़ी थी। इससे पहले उन्होंने भारत की घरेलू टी-20 प्रतियोगिता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में सभी को प्रभावित करते हुए अपने पर्दापण सीजन में ही 10 मैचों में 15.63 की औसत और 10.13 के स्ट्राइक रेट से संयुक्त रूप से सर्वाधिक 22 विकेट लिए थे।

उन्होंने राजस्थान के लिए मात्र एक घरेलू सीजन खेला और चार प्रथम श्रेणी मैचों में 14 जबकि सात सात लिस्ट ए मैचों में 13 विकेट लिए। वह फ़रवरी में पहली बार भारत ए टीम का हिस्सा बने थे, जब उन्होंने टी-20 विश्व कप से पहले अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित