बहराइच , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में चैन स्नैचिंग की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार तड़के नानपारा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, 315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना मटेरा क्षेत्र में एक सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली, जिला लखीमपुर अपने रिश्तेदार के यहां से वापस घर जा रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गये। घटना के संबंध में थाना मटेरा में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन कर घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिये थे।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे वारदात में शामिल बदमाशों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी क्रम में दो-तीन सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर निवासी अगपुरबा शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, उक्त मुठभेड़ के दौरान मौके का फायदा उठाकर फुल्ली का साथी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल पुत्र सग्गर निवासी अगपुरबा, थाना कोतवाली देहात फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बाद में पुलिस अधीक्षक द्वारा असलम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि तीन-चार सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना कोतवाली नानपारा पुलिस की संयुक्त टीम नानपारा क्षेत्र में जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मटेरा की चैन स्नैचिंग की घटना में वांछित असलम चोरी की मोटरसाइकिल से निबिया नहर पुलिया होते हुए रुपईडीहा मार्ग की ओर जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, उसे रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेजा।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान असलम के रूप में हुई। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा-अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चैन स्नैचिंग की घटना के बाद पुलिस की तीन टीमें लगाई गयी थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गयी। पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसका साथी असलम फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार टीमें काम कर रही थीं। उन्होंने बताया कि आज नानपारा क्षेत्र में जांच के दौरान इनामी बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि बरामद हथियार, मोटरसाइकिल और अन्य सामान के संबंध में जांच की जा रही है तथा अपराधी के अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की भी जांच होगी।

मटेरा की चैन स्नैचिंग के मामले में यह पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पहले पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा और अब फरार 25 हजार के इनामी आरोपी को भी नानपारा क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों प्रमुख आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस अब बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों तथा संभावित साथियों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित